गैस का काला खेल बेनकाब! दुर्ग में छापे में 599 सिलेंडर जब्त, फैक्ट्री में चल रहा था बड़ा खेल

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गैस सप्लाई के नाम पर चल रहे बड़े खेल का खुलासा हुआ है। जिला खाद्य विभाग की टीम ने ग्राम पंचायत रसमडा स्थित बोरई इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर में अचानक छापा मारकर 599 गैस सिलेंडर और भारी मात्रा में एलपीजी जब्त किया है।

 छापे में क्या-क्या मिला?

जांच के दौरान पापुशा गैसेस प्राइवेट लिमिटेड के परिसर से कुल 599 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा तीन बड़े टैंक (बुलेट) में करीब 2841 किलो एलपीजी स्टोर पाया गया, जिसने अधिकारियों को चौंका दिया।

 समानांतर सप्लाई का खुलासा

अधिकारियों के मुताबिक, यहां कॉन्फिडेंस पेट्रोलियम इंडिया लिमिटेड के जरिए ‘गो गैस’ और ‘गैस प्वाइंट’ नाम से सिलेंडर सप्लाई की जा रही थी। यह सप्लाई डीलरों के माध्यम से सीधे ग्राहकों तक पहुंच रही थी, जो सार्वजनिक वितरण प्रणाली से अलग और नियमों के खिलाफ बताई जा रही है।

 कागज मांगते ही खुल गई पोल

जब जांच टीम ने कंपनी से जरूरी दस्तावेज मांगे, तो वे कोई ठोस कागजात पेश नहीं कर सके। इतना ही नहीं, स्टॉक रजिस्टर और मौके पर मौजूद सिलेंडरों की संख्या में भी बड़ा अंतर पाया गया, जिससे रिकॉर्ड में गंभीर गड़बड़ी का अंदेशा मजबूत हो गया।

फैक्ट्री में चल रहा था ये काम

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि फैक्ट्री में सिलेंडरों की पेंटिंग की जा रही थी और उन पर वजन व एक्सपायरी से जुड़ी जानकारी दर्ज की जा रही थी, जो कई सवाल खड़े करता है।