रायपुर। राजधानी रायपुर में ज्वेलरी दुकान से सोने के गहने लेकर फरार हुई महिला को पुलिस ने आखिरकार दुर्ग से पकड़ लिया। महिला ने खरीदारी के बहाने दुकान में गहने पहन लिए और सहेली के आने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गई थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला को गिरफ्तार कर चोरी किए गए जेवर बरामद कर लिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, ज्वेलरी दुकान के संचालक ने थाना टिकरापारा में शिकायत दर्ज कराई कि 12 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला और एक युवक उनकी दुकान पर सोने का रानी हार खरीदने के बहाने पहुंचे। उस समय दुकान में उनके पुत्र भी मौजूद थे।
दुकान में मौजूद कर्मचारियों ने महिला को रानी हार सहित अन्य गहने दिखाए। इसी दौरान महिला ने चालाकी से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और चांदी की बिछिया पहन ली। इसके बाद उसने बहाना बनाया कि उसकी एक सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह एक और हार खरीदेगी।
कुछ देर बाद महिला फोन पर बात करते हुए दुकान के बाहर गई और यह कहकर निकल गई कि वह अपनी सहेली को लेकर आती है। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर दुकान संचालक को शक हुआ। जब उसके साथ आए युवक से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम मेषराम साहू और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया।
पूछताछ के दौरान युवक भी मौका पाकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। इसके बाद प्रार्थी की शिकायत पर थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 208/2026 धारा 305 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी के जेवर बरामद करने के निर्देश दिए।
टिकरापारा पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थी, उसके पुत्र और पकड़े गए आरोपी से विस्तृत पूछताछ की। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया और तकनीकी सहायता से फरार महिला के संभावित भागने के रास्तों की जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान दुर्ग पुलिस से समन्वय स्थापित कर सघन पतासाजी की गई, जिसके आधार पर फरार महिला आरोपी को दुर्ग शहर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली (1 जोड़ी), सोने की अंगूठी, चांदी की पायल (1 जोड़ी), चांदी की बिछिया (3 जोड़ी) और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 33 हजार रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में
-
कमलेश्वरी साहू (35 वर्ष) निवासी ग्राम चांपा, थाना चांपा, जिला जांजगीर-चांपा
-
मेषराम साहू (21 वर्ष) निवासी ग्राम बिरोदा, थाना अभनपुर, जिला रायपुर
शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस रिमांड लेकर उनसे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जाएगी।
