चलती सड़क पर बना आग का गोला! कोयला लोड ट्रेलर धू-धू कर जला, बाल-बाल बची जान

कोरबा। शहर के सीएसईबी चौकी क्षेत्र स्थित अशोक वाटिका स्टेडियम रोड पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कोयले से भरे एक ट्रेलर में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में धुएं का गुबार फैल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर स्टेडियम रोड से गुजर रहा था तभी केबिन के पास से धुआं उठता दिखाई दिया। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आग तेजी से फैल गई। जान बचाने के लिए चालक को चलती गाड़ी से कूदना पड़ा। गनीमत रही कि वह सुरक्षित बच गया।

बताया जा रहा है कि वाहन टी ट्रांसपोर्ट कंपनी का है और ट्रेलर का नंबर CG12BJ0643 है।

🚒 दमकल की देरी पर उठे सवाल

आग लगने के बाद ट्रेलर काफी देर तक धू-धू कर जलता रहा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दमकल वाहन देर से मौके पर पहुंचा, जिससे आग बुझाने में समय लगा। घटना स्थल के आसपास पेट्रोल पंप, दुकानें और रिहायशी मकान मौजूद हैं। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

सूचना मिलते ही 112 की टीम और सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


स्टेडियम रोड पर दिनदहाड़े लगी इस आग ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है—क्या भारी वाहनों की सुरक्षा जांच पर्याप्त है, या किसी बड़ी अनदेखी का नतीजा था यह हादसा?