CG News : घर में मचा खूनी तांडव! महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष पर जानलेवा हमला, हंसिया लेकर टूट पड़ा सगा भाई

बीच-बचाव करना पड़ा भारी, पुलिस ने फरार आरोपी को दबोचा

कवर्धा।
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष गंगोत्री योगी पर उनके ही सगे भाई ने जानलेवा हमला कर दिया। पारिवारिक विवाद के दौरान आरोपी ने हंसिया से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। हालांकि, पिपरिया पुलिस ने आरोपी नेम नाथ योगी को गिरफ्तार कर लिया है।

बीच-बचाव बना हमले की वजह

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज घटना 26 जनवरी की शाम की है। गंगोत्री योगी ग्राम मोहगांव स्थित अपने भाई नेम नाथ योगी के घर गई हुई थीं। इसी दौरान आरोपी अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था।
घर में तनावपूर्ण माहौल देखकर गंगोत्री योगी ने बीच-बचाव करते हुए अपनी भाभी को सुरक्षित बाहर भेज दिया। बस यही बात आरोपी को नागवार गुजरी और वह आपा खो बैठा।

हंसिया उठाकर बहन पर किया जानलेवा हमला

गुस्से से बेकाबू आरोपी ने घर में रखे धारदार हंसिया से अपनी ही बहन पर हमला कर दिया।
हमले में गंगोत्री योगी के सिर, हाथ, पैर और पीठ में गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में उन्हें परिजनों ने तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद फरार, फिर पुलिस के हत्थे चढ़ा

हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलते ही पिपरिया पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
लगातार पतासाजी के बाद शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी नेम नाथ योगी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का बयान

इस मामले में डीएसपी पिपरिया आशीष शुक्ला ने बताया कि

“आरोपी ने अपनी बहन पर धारदार हथियार से हमला कर फरार हो गया था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। मामले की विवेचना चल रही है।”

इलाके में दहशत, राजनीति गलियारों में भी हलचल

महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष पर हुए इस हमले से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं राजनीतिक हलकों में भी घटना को लेकर गहरी चिंता जताई जा रही है।