रेल का तांडव! हाई-स्पीड दो ट्रेनों की आमने-सामने टक्कर, 21 मौतें… मलबे में दबे यात्री, बढ़ सकता है आंकड़ा

500 यात्रियों से भरी ट्रेनें पल भर में बनीं मौत का फंदा, कोर्डोबा में थमी रफ्तार—रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Spain Train Accident: दक्षिणी स्पेन के कोर्डोबा में सोमवार को ऐसा भीषण रेल हादसा हुआ, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। दो हाई-स्पीड ट्रेनों की जोरदार टक्कर में अब तक कम से कम 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 73 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। दोनों ट्रेनों में करीब 500 यात्री सवार थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और रेल सेवाएं ठप कर दी गईं।


कैसे हुआ हादसा? पल भर में पटरी बनी कब्रगाह

रिपोर्ट के मुताबिक, मलागा से मैड्रिड जा रही Iryo 6189 हाई-स्पीड ट्रेन अचानक पटरी से उतरकर पास की लाइन पर चली गई। उसी वक्त मैड्रिड–हुएलवा रूट पर आ रही AVE ट्रेन से उसकी आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रेनें बुरी तरह डिरेल हो गईं—कई डिब्बे पटरी से नीचे उतर गए और कुछ डिब्बे एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए


मलबे में फंसे यात्री, भारी मशीनों से रेस्क्यू

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यात्रियों को निकालने के लिए भारी बचाव मशीनों का सहारा लेना पड़ा। कई एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमें मौके पर भेजी गईं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय स्वास्थ्य मंत्री एंटोनियो सैंज ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है


कब और कहां?

स्पेन की रेल संस्था ADIF के अनुसार, हादसा कोर्डोबा के एडामुज स्टेशन के पास शाम करीब 5:40 बजे (GMT) हुआ।


हाई-स्पीड सेवाएं ठप, कई रूट बंद

हादसे के बाद मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच हाई-स्पीड रेल सेवाएं तत्काल रोक दी गईं। हालांकि मैड्रिड–टोलेडो, सियुदाद रियल और पुएर्तोलानो के बीच व्यावसायिक रेल सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं।
बताया गया है कि Iryo एक निजी हाई-स्पीड रेल ऑपरेटर है, जिसका संचालन इटली की कंपनी करती है।


स्पेन के लिए बड़ा झटका

एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, यह हादसा हाल के वर्षों में स्पेन की सबसे भयावह रेल दुर्घटनाओं में से एक माना जा रहा है। जांच जारी है और अधिकारियों ने हादसे के कारणों का पता लगाने के आदेश दे दिए हैं।