जल जीवन मिशन में कसावट के लिए PHE में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 34 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले

जल जीवन मिशन में कसावट के लिए PHE में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 34 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले

26 अभियंताओं को पदोन्नति, 6 निलंबित कार्यपालन अभियंता बहाल, मुख्य अभियंता राजेश गुप्ता निलंबित

बिलासपुर | 10 जनवरी 2026

राज्य शासन ने जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग की कार्यप्रणाली में कसावट तथा प्रशासनिक सुधार के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री अरुण साव के निर्देश पर विभाग ने वरिष्ठ स्तर पर राज्य कार्यालय, जल जीवन मिशन मुख्यालय और मैदानी कार्यालयों के कुल 34 अधिकारियों के तबादले एवं जिम्मेदारियों में बदलाव के आदेश जारी किए हैं।

मैदानी स्तर पर कार्यों को गति देने के लिए 26 उप अभियंताओं को सहायक अभियंता के पद पर पदोन्नत किया गया है। वहीं, जल जीवन मिशन में लापरवाही एवं त्रुटिपूर्ण रिपोर्टिंग के चलते निलंबित किए गए 6 कार्यपालन अभियंताओं की बहाली के भी आदेश जारी किए गए हैं।

ओएसडी संजीव बृजपुरिया प्रभार से मुक्त

दोहरे प्रभार के तहत कार्य कर रहे अधीक्षण अभियंता श्री संजीव बृजपुरिया को उप मुख्यमंत्री के ओएसडी के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। अब वे केवल दुर्ग मंडल के अधीक्षण अभियंता के रूप में कार्य करेंगे।

मुख्य अभियंता राजेश गुप्ता निलंबित

जल जीवन मिशन के कार्यों में गंभीर लापरवाही एवं सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना सामग्री में परिवर्तन के मामले को गंभीरता से लेते हुए रायपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री राजेश गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं। जांच अधिकारी को एक माह के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।


इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

  • प्रभारी प्रमुख अभियंता श्री ओंकेश चंद्रवंशी को जल जीवन मिशन का अतिरिक्त मिशन संचालक नियुक्त किया गया।

  • विभागीय ओएसडी श्री के.के. मरकाम को मुख्य अभियंता, रायपुर परिक्षेत्र बनाया गया।

  • श्री जी.एल. लखेरा को प्रभारी मुख्य अभियंता, जगदलपुर परिक्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई।

  • श्री राजेन्द्र कुमार शुक्ला को कोंडागांव मंडल का अधीक्षण अभियंता नियुक्त किया गया।

  • अतिरिक्त मिशन संचालक श्री एस.एन. पाण्डेय को प्रमुख अभियंता कार्यालय में अधीक्षण अभियंता पदस्थ किया गया।

  • श्री बी.एन. भोयर और श्री समीर शर्मा को जल जीवन मिशन के कार्यों के लिए मुख्य अभियंता कार्यालय, रायपुर में पदस्थ किया गया।

इसके साथ ही 22 कार्यपालन अभियंताओं और 3 सहायक अभियंताओं के तबादले के आदेश भी जारी किए गए हैं।


26 उप अभियंता बने सहायक अभियंता

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने 26 उप अभियंताओं (सिविल) को सहायक अभियंता (सिविल) के पद पर पदोन्नत किया है। इनमें प्रमुख रूप से गुणेश कुमार पानीग्रही, रवि प्रकाश जोशी, प्रणेश कुमार रामटेके, अमित कुमार मिश्रा, कौशल कुमार नेताम, विशाल गेडाम, आलोक मंडल, अंजू साहू, रीना सिंह, सुभ्रा बघेल सहित अन्य शामिल हैं।

इसके अलावा परिभ्रमण से मुक्त किए गए 7 उप अभियंताओं को भी सहायक अभियंता के रूप में पदोन्नति दी गई है।


6 अभियंताओं की निलंबन से बहाली

जल जीवन मिशन से जुड़े मामलों में निलंबित किए गए 6 कार्यपालन अभियंताओं—जगदीश कुमार, उत्तर कुमार राठिया, चन्द्रबदन सिंह, एस.पी. मंडावी, जे.एल. महला और रूपेश कुमार धनंजय—की बहाली के आदेश जारी किए गए हैं।