कानपुर. हैवानियत की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां कानून के रखवाले ने ही अपने दोस्त के साथ मिलकर 14 साल की लड़की का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. काली करतूत को अंजाम देने के बाद लड़की को उसके घर के बाहर फेंककर फरार हो गए. मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. फरार चल रहे दरोगा की पुलिस तलाश में जुट गई है.
वहीं घटना के बाद पीड़िता ने पूरे घटना की जानकारी अपने भाई को दी. मामले की जानकारी मिलते ही पीड़िता का भाई आरोपी दारोगा और उसके दोस्त के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए पहुंचा. जहां मौजूद पुलिस वालों ने केस दर्ज नहीं किया. जिसके बाद मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की गई. केस न दर्ज करने वाले थाना अध्यक्ष विक्रम सिंह को निलंबित कर दिया गया है. वहीं आरोपी दारोगा के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने दारोगा को गिरफ्तार करने के लिए कई टीमों का गठन किया है. पुलिस आरोपी दारोगा को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई करने की बात कह रही है.