जगदलपुर: साइबर ठगी के मामलों में बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नगरनार थाना क्षेत्र में दर्ज 20 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में दिल्ली के जनकपुरी स्थित फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
घटना की जानकारी
अप्रैल में नगरनार निवासी कमलोचन कश्यप ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनसे इंश्योरेंस प्रीमियम के नाम पर करीब 20 लाख रुपये वसूले गए। जब मैच्योरिटी राशि लेने का समय आया, तो ठगी का पता चला। शिकायत मिलने के बाद नगरनार थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच शुरू की।
जांच में ठगों की लोकेशन दिल्ली के आसपास मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दिल्ली के जनकपुरी इलाके में छापेमारी की, जहां फर्जी कॉल सेंटर के माध्यम से ठगी की जा रही थी। छापेमारी के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें गिरोह का मुख्य सरगना ओमप्रकाश प्रभु शामिल है। साथ ही कॉल सेंटर में काम कर रही चार युवतियों को भी पकड़ा गया।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
बस्तर एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से वायरलेस फोन, मोबाइल, लैपटॉप और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए। इन दस्तावेजों से अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी के प्रमाण मिले हैं। छत्तीसगढ़ के तीन से चार जिलों में इसी तरह की ठगी के साक्ष्य मिले हैं।
पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं और सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। एसपी ने कहा कि इंश्योरेंस कंपनी से जुड़े संभावित लिंक की जांच भी की जा रही है और जैसे-जैसे नए सबूत सामने आएंगे, उन पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
