6 लाख की चोरी: अंबिकापुर में शातिर चोरों ने घर को बनाया निशाना

अंबिकापुर।
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जरहागढ़ में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। शातिर चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए नकदी समेत लाखों रुपये के सोना-चांदी के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय घर में महिला सो रही थी, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, चोर रात के अंधेरे में घर में घुसपैठ कर कमरे और अलमारी के ताले तोड़ दिए। इस दौरान करीब 50 हजार रुपये नकद एवं लगभग 6 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात चोरी कर आरोपी फरार हो गए।

सुबह जब महिला की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। इसके बाद पीड़िता ने तत्काल घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पीड़ित महिला की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।

कोतवाली पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का दावा पुलिस द्वारा किया गया है।