सरगुजा: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक ऐसा सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे शिक्षा जगत को झकझोर कर रख दिया। ग्राम बेलदगी के पास स्कूटी से स्कूल से लौट रहीं मिडिल स्कूल कुसु की शिक्षिका अंकिता सिंह की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद शिक्षक हितेश भोई घायल हो गए।
स्कूल से घर की राह, लेकिन मंजिल तक नहीं पहुंच पाईं
जानकारी के अनुसार, शिक्षिका अंकिता सिंह और उनके साथी शिक्षक हितेश भोई छुट्टी के बाद स्कूटी से लखनपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे ग्राम बेलदगी के पास स्थित पुलिया पर पहुंचे, अचानक स्कूटी अनियंत्रित हो गई और सड़क पर गिर पड़ी।
गिरते ही अंकिता सिंह के सिर में गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद शिक्षकों और ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रायपुर की रहने वाली थीं शिक्षिका, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अंकिता सिंह मूल रूप से रायपुर जिले की निवासी थीं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं स्कूल प्रशासन, साथी शिक्षक और विद्यार्थी इस खबर से स्तब्ध रह गए। पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
हादसे की वजह बनी रहस्य
हादसे की सटीक वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है। कुछ सूत्रों का कहना है कि स्कूटी किसी अन्य वाहन से टकराई हो सकती है, लेकिन दुर्घटना के बाद स्कूटी को मौके से हटा लिया गया, जिससे वास्तविक कारणों का पता लगाना मुश्किल हो गया है।
यह इलाका सुनसान बताया जा रहा है और कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है।
पुलिस जांच में जुटी
लखनपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घायल शिक्षक हितेश भोई के बयान दर्ज किए जाएंगे। साथ ही सड़क, पुलिया और स्कूटी की स्थिति की भी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह हादसा कैसे हुआ।
एक समर्पित शिक्षिका का असमय अंत
अंकिता सिंह को स्कूल में उनके समर्पण, अनुशासन और मेहनत के लिए जाना जाता था। उनके असमय निधन से न सिर्फ विद्यालय बल्कि पूरे समाज में गहरा शोक है। शिक्षकों और छात्रों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी।
