रायपुर। राजधानी रायपुर में गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर 18 से 22 दिसंबर 2025 तक मेगा हेल्थ कैंप-2025 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्य रूप से शिरकत की।
आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में आयोजित इस पांच दिवसीय स्वास्थ्य महाअभियान में देशभर के ख्यातिप्राप्त विशेषज्ञ डॉक्टर और प्रदेश के प्रमुख अस्पताल निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेंगे। अब तक इस कैंप में 18 हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण करा लिया है।
आयोजक और विधायक राजेश मुणत ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मरीजों को एक ही छत के नीचे जांच से इलाज तक की सुविधा उपलब्ध कराना है। कैंप में सिलसिलेवार तरीके से जांच और उपचार की सुविधा दी जाएगी, जिससे रोजाना 8 से 10 हजार मरीजों का चेकअप संभव होगा।
इस वर्ष विशेष रूप से बढ़ते ब्रेस्ट कैंसर के मामलों को देखते हुए दिल्ली से विशेष मशीन और टीम बुलाई गई है, जिससे किसी महिला को तत्काल इलाज उपलब्ध कराया जा सके।
विधायक राजेश मूणत ने जनता से अपील की कि वे परिवार और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए इस कैंप का लाभ उठाएँ। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह से निशुल्क है और आने वाले सभी मरीजों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
यह मेगा हेल्थ कैंप राज्य का अब तक का सबसे बड़ा स्वास्थ्य अभियान माना जा रहा है और इसके सफल आयोजन से हजारों नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।
