Shalimar Express News : ट्रेन में नशे का तांडव! चार युवकों ने यात्रियों के साथ की गंदी हरकत, टीटीई से भी की बदतमीजी, फिर हुआ बड़ा एक्शन
शराब के नशे में धुत दुर्ग के युवक बने यात्रियों के लिए सिरदर्द, गोंदिया में शिकायत के बाद डोंगरगढ़ में उतारे गए
डोंगरगढ़: शालीमार एक्सप्रेस में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में धुत चार युवकों ने चलती ट्रेन को ही हुड़दंग का अड्डा बना दिया। यात्रियों के साथ गाली-गलौच, रौब दिखाना और माहौल खराब करना इन बदमाशों की आदत बन गया था। हालात इतने बिगड़ गए कि यात्रियों को टीटीई से शिकायत करनी पड़ी।
मिली जानकारी के अनुसार, चारों आरोपी नागपुर से शालीमार एक्सप्रेस में सवार हुए थे। सभी आरोपी छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। ट्रेन में चढ़ते ही चारों युवक शराब के नशे में चूर होकर यात्रियों से उलझने लगे और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगे।
टीटीई से भी की बदसलूकी
जब ट्रेन गोंदिया स्टेशन पहुंची, तो परेशान यात्रियों ने टीटीई को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। टीटीई ने जब आरोपियों से पूछताछ की, तो नशे में धुत युवकों ने टीटीई के साथ भी बदतमीजी शुरू कर दी। इसके बाद स्थिति को देखते हुए टीटीई ने तुरंत रेलवे प्रशासन को सूचना दी।
डोंगरगढ़ में उतारकर पुलिस को सौंपा
रेलवे प्रशासन की सूचना पर डोंगरगढ़ स्टेशन पर जीआरपी पुलिस अलर्ट हो गई। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पहुंची, चारों आरोपियों को उतारकर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि ट्रेनों में नशे में यात्रा करने वाले यात्रियों पर सख्ती कब और कैसे बढ़ेगी, ताकि आम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
