महासमुंद, छत्तीसगढ़: कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण और विक्रय के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सरायपाली विकासखंड के रेहटीखोल क्षेत्र में बीती रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने 694 बोरा धान जब्त किया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली अनुपमा आनंद ने किया। प्रशासन, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों की टीम ने अवैध धान परिवहन की सूचना पर क्षेत्र में नाकाबंदी कर जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक ट्रक रोका गया, जिसमें उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर धान का अवैध परिवहन किया जा रहा था।
जांच में ट्रक चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। गहन जांच में ट्रक में कुल 694 बोरा धान, लगभग 319 क्विंटल, पाया गया। अवैध धान मिलने पर ट्रक को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना सिंघोड़ा के सुपुर्द किया गया।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अवैध धान परिवहन, भंडारण और विक्रय में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनुपमा आनंद ने बताया कि जिले में नियमित चेकिंग जारी है और किसानों एवं व्यापारियों से अपील की गई है कि शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें। साथ ही आम नागरिकों से भी अनुरोध किया गया है कि अवैध धान परिवहन या भंडारण की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें।
प्रशासन का उद्देश्य किसानों के हितों की रक्षा करना और सरकारी धान खरीदी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाना है।