रायगढ़: जिले में अवैध शराब पर सख्ती जारी है। कोतरारोड़ पुलिस ने ग्राम टेका में भोर में छापेमारी कर महिला आरोपी कमला निषाद को गिरफ्तार किया और उसके घर से 6 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त किया।
पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर टीम ने संदेही महिला के घर दबिश दी। प्रारंभिक पूछताछ में उसने अवैध शराब होने से इनकार किया, लेकिन सख्त पूछताछ के बाद उसने इसे स्वीकार किया। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धाराओं 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने बताया कि इस कार्रवाई से ग्रामीण क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने में सफलता मिली है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी को अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, आरक्षक संदीप कौशिक, चूड़ामणि गुप्ता, सुरेन्द्र भगत और महिला आरक्षक सुकृता कर्ष की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
