रायपुर में महिला पुलिसकर्मी से दुष्कर्म, मैट्रिमोनी साइट के जरिए फंसाकर ब्लैकमेल करने का आरोप

रायपुर: राजधानी रायपुर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां मैट्रिमोनी साइट ‘शादी डॉट कॉम’ के जरिए दोस्ती कर एक महिला आरक्षक से दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है। पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने दिल्ली निवासी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है, हालांकि अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

शादी का झांसा देकर बढ़ाई नजदीकियां:
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मैट्रिमोनी साइट के जरिए महिला आरक्षक से संपर्क किया और शादी का झांसा देकर बातचीत शुरू की। मोबाइल पर लगातार बातचीत के बाद आरोपी रायपुर आया और पीड़िता से नजदीकियां बढ़ाईं। इसी दौरान उसने अंतरंग तस्वीरें हासिल कर लीं और बाद में उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।

4 लाख रुपये वसूलने का आरोप:
सीएसपी पुरानी बस्ती के मुताबिक, आरोपी ने बीते तीन-चार महीनों में महिला आरक्षक से करीब 4 लाख रुपये वसूल लिए। लगातार पैसों की मांग से परेशान होकर पीड़िता ने आखिरकार पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने बताया कि पीड़िता विधवा है और आरोपी ने इसी स्थिति का फायदा उठाया।

आरोपी की तलाश तेज:
पुलिस ने दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी से जुड़ी धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है।

एक अन्य मामले में भी FIR:
इसी तरह के एक अन्य मामले में टिकरापारा थाना पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी, गाली-गलौज और पैसों की मांग के आरोप में FIR दर्ज की है। इस मामले में आरोपी की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने धारा 308 और 79 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन मैट्रिमोनी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।