CG Crime News: बंद ढाबे में युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

आरंग: आरंग के नेशनल हाईवे 53 पर स्थित लवली ढाबा में एक युवक की हत्या होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई। हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई है, जबकि मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है।

आरंग थाना प्रभारी राजेश सिंह के अनुसार, 25 नवंबर 2025 को नेशनल हाईवे 53 स्थित लवली ढाबा, जो पिछले दो दिन से बंद था, के पीछे बने स्टाफ क्वार्टर में लगभग 25-30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पाया गया। शव के माथे पर चोट के निशान होने के कारण हत्या का शक जताते हुए FSL टीम को बुलाया गया।

संदिग्ध मिस्त्री चुन्नू टंडन (35 वर्ष), निवासी भाटापारा, तुमगांव, जिला महासमुंद को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में चुन्नू टंडन ने बताया कि ढाबा में वह मौजूद था और अज्ञात युवक स्टाफ क्वार्टर में था। दोनों के बीच वहां से जाने को लेकर विवाद हुआ, जिसके दौरान चुन्नू टंडन ने लकड़ी के बत्ते से युवक के सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस का अनुमान है कि मृतक किसी ट्रक का हेल्पर हो सकता था, जो रुकने के लिए जगह तलाश रहा था। आसपास के क्षेत्रों में मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने हत्या के मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी से पूछताछ कर रही है।