CG News: ड्यूटी में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, तीन आरक्षकों को बर्खास्त

कवर्धा: ड्यूटी के दौरान शराब सेवन, अनुशासनहीनता और लापरवाही के गंभीर मामलों में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने तीन आरक्षकों को विभाग से बर्खास्त कर दिया है। इस कार्रवाई ने पुलिस विभाग में हड़कंप मचा दिया है।

एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि जांच में आरक्षक अनिल मिरज पर 334 दिन की अनाधिकृत अनुपस्थिति, 22 पूर्व दंड और कर्तव्यच्युति प्रमाणित हुई। वहीं, आरक्षक आदित्य तिवारी बंदी पेशी जैसी महत्वपूर्ण ड्यूटी के दौरान नशे में पाए गए और 91 दिन गैरहाजिर रहे। इसके अलावा, चालक आरक्षक राजेश उपाध्याय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नशे की हालत में पकड़े गए।

तीनों आरक्षकों के लगातार अनुशासनहीनता और सुधार न दिखाने के कारण उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया गया। इस कार्रवाई से अन्य पुलिसकर्मियों में भी कड़े अनुशासन के पालन का संदेश गया है।