कॉन्स्टेबल के घर ‘अंदर का भेदी’! नौकरानी ने पति संग रची थी 8 लाख की चोरी की साजिश, खुलासे ने सबको हैरान कर दिया
अलमारी खोलते ही उड़ गए होश — नौकरानी ने 2 हफ्ते तक चोरी कर गहने पति को सौंप दिए, पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार
दुर्ग। भिलाई में एक पुलिसकर्मी के घर हुई हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा चौंका देने वाला निकला। जिस घर की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की होती है, उसी पुलिसकर्मी के घर में चोरी की वारदात नौकरानी और उसके पति ने मिलकर अंजाम दी थी। मामला भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, राकेश चौधरी, जो छावनी थाने में कॉन्स्टेबल के पद पर पदस्थ हैं, सेक्टर-02 में रहते हैं। उनके घर पर सरस्वती साहू (31) घरेलू काम—झाड़ू-पोछा—करती थी। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए सरस्वती ने अपने पति सेवक राम साहू (32) के साथ मिलकर घर से करीब 8 लाख रुपए के गहने और कैश पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी का पता ऐसे चला
राकेश चौधरी ने 16 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 29 अक्टूबर को अलमारी में सोने-चांदी के जेवर और कैश रखे थे।
5 नवंबर को शादी समारोह के लिए गहने निकालने अलमारी खोली तो सारा सामान गायब मिला। पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू की।
शक की सुई पहुंची नौकरानी पर
पूछताछ के दौरान पुलिस को घर में काम करने वाली नौकरानी सरस्वती पर शक हुआ।
सख्ती से पूछताछ करने पर उसने वारदात कबूल कर ली। सरस्वती ने बताया कि 29 अक्टूबर से 15 नवंबर के बीच 2–3 बार अलमारी बिना लॉक होने का फायदा उठाकर गहने और कैश निकालती रही। चोरी का पूरा माल उसने अपने पति को छिपाने के लिए दे दिया था।
8 लाख की चोरी का पूरा माल बरामद
सरस्वती की निशानदेही पर पुलिस ने उसके और उसके पति के ठिकाने से बरामद किए:
-
सोने की 2 चेन
-
4 झुमके
-
4 बाली-टॉप्स
-
1 लटकन
-
1 मंगलसूत्र
-
1 जेंट्स बाली
-
चांदी की पायल
-
₹51,600 कैश
कुल कीमत: करीब 8 लाख रुपए
आरोपी दंपति शास्त्री नगर, कैंप-1 के रहने वाले हैं। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
