हिंदू-सिख समुदाय ने मिलकर किया समारोह का आयोजन, अतिवृष्टि प्रभावित परिवारों की बेटियों का हुआ विवाह
छतरपुर/फिरोजपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बुधवार को पंजाब के फिरोजपुर पहुंचे, जहां उन्होंने पाकिस्तान बॉर्डर के पास आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में हिस्सा लिया। इस समारोह में 216 गरीब एवं असहाय कन्याओं का विवाह संपन्न कराया गया। फिरोजपुर का यह आयोजन सीमा से मात्र 12 किलोमीटर दूरी पर आयोजित हुआ, जहां बागेश्वर महाराज ने कन्याओं को गृहस्थ जीवन का आशीर्वाद दिया।
शास्त्री ने कहा कि समारोह स्थल पर लगा माइक भी पाकिस्तान दिशा की ओर था। उन्होंने बताया कि हाल ही में पंजाब के कई जिलों में अतिवृष्टि के कारण भारी जन-धन का नुकसान हुआ था। कई परिवार बेघर हो गए थे और कई ने अपने परिजन खो दिए थे। ऐसे ही प्रभावित परिवारों की बेटियों के लिए आमला परिवार द्वारा सामूहिक विवाह का आयोजन कराया गया।
समारोह की विशेषता यह रही कि गुरुग्रंथ साहिब की उपस्थिति में हिंदू और सिख समुदाय ने मिलकर कन्याओं के वैवाहिक जीवन को स्वीकृति दी। सिख समाज ने बागेश्वर महाराज का गर्मजोशी से स्वागत भी किया।
बाबा बागेश्वर ने कहा कि उनके सेवक भंडारी के आग्रह पर वे इस कार्यक्रम में शामिल हुए और असहाय बेटियों को सुखमय वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
