बिहार में राजनीतिक हलचल के बीच सामने आई करोड़ों की संपत्ति की तस्वीर
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों के बाद लालू प्रसाद यादव के परिवार में आई दरारें अब सिर्फ राजनीतिक मतभेदों तक सीमित नहीं रहीं। परिवार के भीतर चल रहे तनाव की असली वजह संपत्ति का बंटवारा बताई जा रही है। इसी बीच परिवार के हर सदस्य की संपत्ति के खुलासे ने सियासी हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।
रागिनी यादव: 100 करोड़ से अधिक की संपत्ति की मालिक, परिवार में सबसे धनी
लालू-राबड़ी की चौथी बेटी रागिनी यादव परिवार की सबसे अधिक संपन्न सदस्य मानी जाती हैं। उनके पति राहुल यादव द्वारा 2022 में दिए गए विवरण के अनुसार उनकी संयुक्त संपत्ति 100 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
पटना और फुलवारी शरीफ क्षेत्र में उनके नाम कृषि भूमि भी है, जिससे उनकी कुल प्रॉपर्टी वैल्यू और बढ़ जाती है।
मीसा भारती: राजनीतिक और बिजनेस इनकम से 10 करोड़ से अधिक की संपत्ति
सबसे बड़ी बेटी और राजद सांसद मीसा भारती एवं उनके पति शैलेश कुमार के नाम पर 10 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है।
मीसा के नाम पर अच्छी-खासी चल संपत्ति, जबकि बाकी जायदाद उनके पति और बच्चों के नाम दर्ज है।
अनुष्का यादव: हरियाणा की राजनीति से जुड़ी, 29 करोड़ की संयुक्त संपत्ति
छठी बेटी अनुष्का यादव और उनके पति चिरंजीवी राव के पास लगभग 29 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित है।
दानापुर में अनुष्का के नाम जमीन भी है, जो उनकी संपत्ति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
तेजप्रताप यादव: परिवार में सबसे कम संपत्ति वाले
लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने अपने हलफनामे में मात्र 2.8 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है, जो लालू परिवार में सबसे कम है।
राजनीतिक दूरी और संगठन में सक्रियता की कमी के कारण उनका प्रभाव भी बीते वर्षों में कम होता दिखा है।
तेजस्वी यादव: राजनीति के केंद्र में, संपत्ति करीब 9 करोड़
पूर्व उपमुख्यमंत्री और महागठबंधन के सीएम चेहरे तेजस्वी यादव की कुल संपत्ति लगभग 9 करोड़ रुपये बताई जाती है।
उनके पास चल संपत्ति का बड़ा हिस्सा है, जबकि जमीन-जायदाद अपेक्षाकृत कम है।
रोहिणी आचार्य: पिता को किडनी देने से सुर्खियों में, संपत्ति 36 करोड़ से अधिक
दूसरी बेटी रोहिणी आचार्य, जिन्होंने अपने पिता को किडनी दान करके सुर्खियां बटोरी थीं, उनके पास 36 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है।
चल और अचल दोनों तरह की करोड़ों की प्रॉपर्टी उनके अपने नाम पर दर्ज है।
राजलक्ष्मी यादव: सपा परिवार से रिश्ता, 12.6 करोड़ की संपत्ति
मुलायम सिंह यादव के पोते से विवाह कर सपा परिवार से जुड़ी राजलक्ष्मी यादव की संयुक्त संपत्ति करीब 12.6 करोड़ रुपये बताई गई है।
इसमें से अच्छा-खासा हिस्सा राजलक्ष्मी के नाम पर भी है।
लालू-राबड़ी की कुल संपत्ति 20 करोड़ से अधिक
पूर्व मुख्यमंत्री दंपति लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के पास मिलाकर 20 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है।
उनकी दो बेटियाँ—हेमा और चंदा—सार्वजनिक जीवन से दूर हैं, इसलिए उनकी संपत्ति की जानकारी उपलब्ध नहीं है।
