कार्यवाहक कार्यकारिणी के असफल होने के बाद कलेक्टर ने नियुक्त किया निर्वाचन अधिकारी
रायपुर: रायपुर प्रेस क्लब के वर्ष 2025-26 के चुनाव अब रायपुर कलेक्टर की देखरेख में संपन्न होंगे। क्लब द्वारा 12 नवंबर 2025 को चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ करने की सूचना दी गई थी, जिसमें केवल निर्वाचन कार्यक्रम और मतदाता सूची प्रस्तुत की गई थी।
रायपुर कलेक्टर के पत्र क्रमांक 304/अ.कले.(राय) 2025, दिनांक 13.11.2025 के अनुसार, प्रेस क्लब के चुनाव को विधि सम्मत और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारी की नियुक्ति की गई है।
जानकारी के अनुसार, पहले जारी आदेश (16.09.2025) के तहत कार्यवाहक कार्यकारिणी को 60 दिनों के भीतर निर्वाचन कराना था, लेकिन संस्था असफल रही। अब इसे दृष्टिगत रखते हुए, छत्तीसगढ़ सोसायटी रजिस्ट्रीकरण अधिनियम-1973 (संशोधित-1998) की धारा-33(ग) के अंतर्गत, कलेक्टर ने प्रशासनिक/राजस्व अधिकारी को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है।
निर्वाचन अधिकारी संस्था की पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया को सुनिश्चित करेंगे और इसके लिए उन्हें आवश्यक सभी अधिकार प्राप्त होंगे। यह कदम क्लब में निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।