नई दिल्ली: बांग्लादेश की राजनीतिक स्थिति एक बार फिर तनावपूर्ण हो गई है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (ICT) में दर्ज मामलों में आज अहम फैसला सुनाया जाएगा।
बांग्लादेश में 16 महीने के तख्तापलट के बाद हालात बिगड़े हैं। राजधानी ढाका में कई जगहों पर कॉकटेल ब्लास्ट हुए और बसों में आग लगाई गई। आवामी लीग के समर्थक सड़कों पर उतर आए, जिसके कारण पूरे देश में बंद का अह्वान किया गया। पुलिस और सुरक्षाबल हाई अलर्ट पर हैं।
ढाका में कॉकटेल विस्फोट
रविवार रात 9 बजे सेंट्रल रोड पर पर्यावरण, वन और जलवायु परिवहन मंत्री की सलाहकार सैयदा रिजवाना हसन के घर के सामने 2 कॉकटेल धमाके हुए। इसके बाद बांग्ला मोटर क्षेत्र, तितुमिर कॉलेज और अमताली चौराहे पर भी कॉकटेल विस्फोट हुए। इस दौरान एक बस में आग लग गई।
शेख हसीना पर लगे 5 गंभीर आरोप
ICT में शेख हसीना पर कुल 5 आरोप चल रहे हैं, जिनमें कुल 13 लोगों की हत्या शामिल है। प्रमुख आरोप इस प्रकार हैं:
-
विपक्षी नेताओं को जबरन गायब करवाना।
-
हिंसा के दौरान हत्याओं में शामिल होना; 12 मई 2025 की रिपोर्ट के अनुसार महिलाओं, बच्चों समेत 1400 लोग मारे गए और 25,000 लोग घायल हुए।
-
बेगम रोकैया विश्वविद्यालय के छात्र अबू सईद की हत्या करवाना।
-
ढाका के चंखर पुल पर 6 लोगों की हत्या।
-
अशुलिया में 5 लोगों को गोली मारकर हत्या करना, शवों को जलाना और एक व्यक्ति को जिंदा आग में फेंकना।
फांसी की सजा की मांग
इन घटनाओं के चलते बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने शेख हसीना का पासपोर्ट रद्द कर दिया है और उनके लिए फांसी की सजा की मांग की जा रही है। ICT में चल रही बहस 23 अक्टूबर को पूरी हुई थी। आज यानी 17 नवंबर को न्यायाधिकरण अपना निर्णय सुनाएगा।
पूरे बांग्लादेश में तनावपूर्ण स्थिति के बीच जनता और समर्थक न्यायिक फैसले की ओर निगाहें टिकाए हुए हैं।
