सब्जी बाजार में कहर बनकर घुसा ट्रैक्टर, 13 वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल

 अनियंत्रित ट्रैक्टर ने तोड़ी स्कूल की बाउंड्री, ड्राइवर फरार – पुलिस तलाश में जुटी

जशपुर। जिले में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। कुनकुरी तपकरा स्टेट हाइवे पर एक अनियंत्रित ट्रैक्टर अचानक सब्जी मार्केट में घुस गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 13 वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार छात्रा की हालत अभी स्थिर है, लेकिन कुछ दिनों तक उपचार की आवश्यकता होगी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर अचानक तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर सीधे बाजार में घुस गया और कन्या शाला की बाउंड्रीवाल को भी तोड़ दिया। उस समय बाजार में कई लोग मौजूद थे, लेकिन बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन नियंत्रण को लेकर प्रशासन व लोगों के बीच चिंता का विषय बना हुआ है।