सबहेडिंग: पुस्तैनी जमीन के विवाद को लेकर बढ़ा तनाव, भाजपा वार्ड संयोजक ने लगाई गंभीर आरोपों की झड़ी
कोरबा। शहर में एक अधिवक्ता के खिलाफ जबरन वसूली और धमकी देने का मामला सामने आया है। भाजपा के पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 4 के संयोजक शत्रुघ्न सिंह राजपूत की शिकायत पर मानिकपुर चौकी पुलिस ने आरोपी वकील दिलीप मिरी के विरुद्ध FIR दर्ज की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता शत्रुघ्न सिंह राजपूत की दादरखुर्द के डिपरापारा क्षेत्र में पुस्तैनी जमीन है। जमीन से जुड़े कार्य करवाने के नाम पर अधिवक्ता दिलीप मिरी ने कथित रूप से उनसे 2 लाख 20 हजार रुपए वसूले। इसके बाद मिरी द्वारा अतिरिक्त भुगतान की मांग की गई।
राजपूत ने आरोप लगाया कि पैसे देने से मना करने पर आरोपी उन्हें झूठे व जातिगत मामले में फंसाने की धमकी दे रहा है। साथ ही पुस्तैनी जमीन पर जाने से रोकने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।