जम्मू ब्रेकिंग: नौगाम पुलिस स्टेशन में भीषण ब्लास्ट, 9 मौतें और दर्जनों घायल

जम्मू। दक्षिण श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन में शुक्रवार रात एक भयानक धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाके की गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। थाने की इमारत का बड़ा हिस्सा ढह गया, कई वाहन आग की लपटों में जल गए और 300 फीट दूर तक इंसानी अवशेष बिखरे पाए गए।

घटना शुक्रवार रात करीब 11:22 बजे हुई। अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 27 घायल अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मलबे में अभी भी लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

CCTV फुटेज और चश्मदीदों के अनुसार धमाका इतनी तीव्रता वाला था कि आग और धुएं का गुबार आसमान में उठ गया। राहत दल को छोटे-छोटे लगातार धमाकों के कारण करीब एक घंटे तक अंदर प्रवेश करने में कठिनाई हुई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसियां दो प्रमुख कोणों से मामले की जांच कर रही हैं:

  1. पुलिस स्टेशन में रखी लगभग 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट विस्फोटक सामग्री में विस्फोट, जो उस समय मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में सील किया जा रहा था।

  2. आतंकी हमले का कोण, जिसमें संदेह है कि परिसर में खड़ी जप्तशुदा कार में IED लगाया गया था, जिसने अमोनियम नाइट्रेट के जखीरे को डेटोनेट कर दिया।

जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े शैडो ग्रुप PAFF ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है, लेकिन इसकी सत्यता की जांच अभी जारी है।

राहत और बचाव कार्य अब भी जारी हैं, और अधिकारियों ने लोगों से सुरक्षित रहने और राहत दल को सहयोग देने की अपील की है।

You missed