रायपुर/पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में बांकीपुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने एक बार फिर अपनी जीत दर्ज की है। नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। इस बार के रुझानों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को भारी बहुमत मिला है, जिसे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश के चुनावी इतिहास में एक “सुनहरा अध्याय” करार दिया।
रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि यह विकास की राजनीति की ऐतिहासिक जीत है। उन्होंने कहा, “एनडीए को मिलने वाला तीन चौथाई बहुमत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी नेतृत्व, उनकी विश्वसनीयता और सुशासन तथा विकास की राजनीति में जनता के अटूट भरोसे का प्रमाण है। बिहार की जनता ने जो जनादेश दिया है, वह हमें और अधिक निष्ठा, सेवा-भाव और दृढ़ संकल्प के साथ बिहार की सेवा करने की प्रेरणा देता है।”
उन्होंने आगे कहा कि एनडीए की इस प्रचंड विजय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अनुभवी नेतृत्व और उनकी प्रशासनिक दक्षता का भी महत्वपूर्ण योगदान है। साथ ही भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को इस सफलता के लिए बधाई दी।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी बिहार चुनाव के रुझानों में एनडीए की बंपर जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार की जनता का आभार जताया। उन्होंने लिखा कि बिहार में एनडीए को मिला ऐतिहासिक जनसमर्थन डबल इंजन सरकार की विकासोन्मुखी और जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता के विश्वास का प्रमाण है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी बिहार में एनडीए की जीत पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर विकास को चुना है और यह अभूतपूर्व जनादेश “विकसित बिहार, विकसित भारत” के संकल्प को साकार करेगा। उन्होंने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं और बिहारवासियों को हार्दिक बधाई दी।
बांकीपुर विधानसभा से नितिन नबीन की इस जीत और एनडीए की व्यापक सफलता से स्पष्ट है कि बिहार में विकास और सुशासन को जनता ने बहुमत के साथ स्वीकार किया है।
