घरघोड़ा थाना क्षेत्र में विवाहिता ने आम के पेड़ पर फांसी लगाकर की आत्महत्या
रायगढ़। घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कोटरीमाल में 28 वर्षीय आसंमोती उर्फ दिला बिरहोर ने 9 नवंबर 2025 को दोपहर में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर दी। मर्ग जांच में पता चला कि दिला बिरहोर को उसका पति सुंता बिरहोर लगातार मारपीट और प्रताड़ित करता था।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वर्ष 2019 में दोनों के बीच प्रेम संबंध के बाद विवाह हुआ। विवाह के बाद दोनों बसंतपुर में कुछ वर्षों तक साथ रहे, जहां उनका एक पुत्र भी हुआ। लेकिन विवाद और मारपीट के कारण पति चार साल तक पत्नी से अलग रहा। अक्टूबर 2025 में दीपावली के पहले वह पत्नी को वापस अपने साथ ले आया, परंतु घरेलू कलह और प्रताड़ना जारी रही।
घटना वाले दिन भी सुंता बिरहोर ने अपनी पत्नी के साथ झगड़ा किया और मारपीट की। उसी दोपहर दिला बिरहोर ने मेन सिंह राठिया के काजूबाड़ी स्थित आम के पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सूचना मिलने पर कार्यपालिक दंडाधिकारी और एफएसएल टीम की मौजूदगी में मर्ग जांच, पंचनामा और पोस्टमॉर्टम कराया गया। जांच में पुष्टि हुई कि मृतिका ने पति की लगातार प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की।
घरघोड़ा पुलिस ने सुंता बिरहोर के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण (धारा 108 BNS) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
