भरूच के सायखा GIDC में हादसा, दो मजदूरों की मौत, 20 घायल; जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम
भरूच (गुजरात)। गुजरात के भरूच जिले में मंगलवार देर रात एक दवा फैक्ट्री में बॉयलर विस्फोट के बाद लगी भीषण आग में दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा सायखा स्थित गुजरात औद्योगिक विकास निगम (GIDC) परिसर में हुआ।
देर रात ढाई बजे हुआ धमाका
जिलाधिकारी गौरांग मकवाना के अनुसार, घटना रात करीब ढाई बजे हुई जब फैक्ट्री में बॉयलर अचानक फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि पूरी फैक्ट्री की इमारत ढह गई और आग तेजी से फैल गई। अधिकांश कर्मचारी समय रहते बाहर निकल गए, लेकिन दो मजदूर अंदर फंस गए और उनकी मौत हो गई।
दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
20 से अधिक घायल, एक कर्मचारी लापता
अधिकारियों ने बताया कि हादसे में करीब 20 कर्मचारी घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक कर्मचारी के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। इस संभावना के चलते फॉरेंसिक और रेस्क्यू टीमें मलबे की जांच में जुटी हैं।
जांच में जुटे अधिकारी
घटना के बाद औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय (DISH) के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री संचालक के लाइसेंस और सुरक्षा अनुमति की भी जांच की जा रही है।
पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम विस्फोट के तकनीकी कारणों और सुरक्षा चूक की भी जांच कर रही है।
