एयरपोर्ट पर हड़कंप: अबू धाबी से आए दो युवकों के सूटकेस में मिले प्रतिबंधित ड्रोन और गैजेट

नई दिल्ली। लाल किला धमाके के बाद जब पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं, इसी बीच हैदराबाद एयरपोर्ट से एक बड़ा मामला सामने आया है। CISF (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) ने अबू धाबी से लौटे दो यात्रियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से लगभग 1.4 करोड़ रुपये के प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए गए हैं।

इन सामानों में कई बैन ड्रोन, प्रीमियम स्मार्टफोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक एक्सेसरीज़ शामिल हैं। CISF को दोनों यात्रियों की हरकतें संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उनके सूटकेस की एक्स-रे स्कैनिंग की गई। जांच में भारी मात्रा में अनडिक्लेयर्ड (घोषित न किए गए) इलेक्ट्रॉनिक आइटम मिले। इनमें कई ऐसे ड्रोन भी थे जिनका देश में आयात प्रतिबंधित है।

पूछताछ के दौरान दोनों यात्री खरीद दस्तावेज और वैध आयात अनुमति पत्र नहीं दिखा सके। इसके बाद उन्हें कस्टम विभाग के हवाले कर दिया गया।

सुरक्षा एजेंसियों ने इस बरामदगी को बेहद संवेदनशील मामला माना है, खासकर हालिया लाल किला धमाके के बाद। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या यह सिर्फ कस्टम टैक्स से बचने की कोशिश थी या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी है।

सूत्रों के अनुसार, जब देशभर में सुरक्षा चौकसी बढ़ा दी गई है, तब इस तरह महंगे और तकनीकी रूप से उन्नत ड्रोन की गुप्त तस्करी ने खुफिया एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। जांच अधिकारी यह भी संभावना तलाश रहे हैं कि इन ड्रोन का जासूसी या आतंकी गतिविधियों में इस्तेमाल तो नहीं होना था।

फिलहाल CISF और कस्टम विभाग ने ड्रोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक आइटम जब्त कर लिए हैं और दोनों यात्रियों से पूछताछ जारी है।

You missed