दिल्ली ब्लास्ट के अगले ही दिन सीएम योगी ने विपक्ष पर बोला तीखा प्रहार, बाराबंकी में ₹1,734 करोड़ की परियोजनाओं का किया शुभारंभ
बाराबंकी। दिल्ली बम ब्लास्ट के अगले ही दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी में विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा, “कुछ लोग हिंदुस्तान में रहते हैं, हिंदुस्तान का खाते हैं, लेकिन ‘वंदे मातरम’ बोलने में शर्म महसूस करते हैं।” योगी ने ऐसे लोगों को चेतावनी दी कि अब जनता इन चेहरों को पहचान चुकी है और आने वाले वक्त में उन्हें इसका जवाब जरूर देगी।
सीएम योगी ने अपने भाषण की शुरुआत ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से की। उन्होंने कहा कि आज भी कुछ लोग देश की एकता और अखंडता पर सवाल उठाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सरदार पटेल और डॉ. भीमराव आंबेडकर जैसे राष्ट्रनिर्माताओं के योगदान को याद रखें, जिनकी वजह से भारत आज एकजुट है।
“महमूदाबाद की संपत्ति आज शत्रु संपत्ति है” — योगी आदित्यनाथ
योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में अंग्रेजों और मुगलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने देश को बांटने का काम किया, लेकिन सरदार पटेल ने भारत को एक सूत्र में जोड़ा। उन्होंने बताया कि हैदराबाद और जूनागढ़ जैसे रियासतों को भारत में शामिल कराने में सरदार पटेल की निर्णायक भूमिका रही।
सीएम ने आगे कहा कि सीतापुर की महमूदाबाद स्टेट के नवाब मुस्लिम लीग के कोषाध्यक्ष थे, जिन्होंने पाकिस्तान के गठन में भूमिका निभाई थी। “महमूदाबाद की संपत्ति आज शत्रु संपत्ति है, क्योंकि वहां के राजा ने भारत का साथ छोड़ पाकिस्तान का समर्थन किया,” उन्होंने कहा।
कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप
योगी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज़ादी के बाद 14 राज्यों ने सरदार पटेल को प्रधानमंत्री बनाने की सिफारिश की थी, लेकिन परिवारवादी राजनीति के चलते ऐसा नहीं होने दिया गया। “कांग्रेस ने न जातिवाद छोड़ा, न परिवारवाद छोड़ा। देश को आगे बढ़ाना है तो इन विभाजनकारी नीतियों से ऊपर उठना होगा,” सीएम ने कहा।
बाराबंकी को ₹1,734 करोड़ की विकास सौगात
विकास कार्यों की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सीएम योगी ने बाराबंकी में ₹1,734 करोड़ की 254 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि सरकार ने किसानों के हित में मेंथा (पुदीना तेल) पर जीएसटी को 18% से घटाकर 5% कर दिया है। साथ ही, दरियाबाद में 232 एकड़ के औद्योगिक क्षेत्र और हैदरगढ़ में 100 एकड़ में इंडस्ट्रियल व स्किल डेवलपमेंट सेंटर की घोषणा की।
