महतारी दुलार योजना का लाभ दिलाने, समान मुआवज़ा और संपत्ति कर समायोजन सहित 140 आवेदन पहुंचे — कलेक्टर अभिजीत सिंह ने विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए
दुर्ग। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जनसामान्य से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने उपस्थित नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र निराकरण और कार्यवाही के निर्देश दिए। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर सिल्ली थॉमस भी मौजूद थीं।
कार्यक्रम में नागरिकों द्वारा अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता राशि सहित विभिन्न विषयों से संबंधित 140 आवेदन प्रस्तुत किए गए।
इसी दौरान ग्राम नंदकठी के एक किसान ने अपने खेत में विद्युत टावर लगाए जाने के एवज में कम मुआवज़ा मिलने पर आपत्ति जताई। किसान ने बताया कि समान परिस्थिति वाले अन्य किसानों को अधिक मुआवज़ा दिया गया है, जिससे उसे आर्थिक हानि हुई है। इस पर कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
वहीं, रिसाली सेक्टर की एक महिला ने अपनी पुत्री को महतारी दुलार योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि पति के निधन के बाद वे मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। पहले उनकी पुत्री स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, रिसाली बस्ती में पढ़ती थी, बाद में मैत्री विद्या निकेतन विद्यालय, रिसाली भिलाई में स्थानांतरित कर दी गई। जानकारी के अनुसार स्थानांतरण के बाद भी योजना का लाभ जारी रहना चाहिए था, परंतु तीन माह से लाभ बंद हो गया है। इस पर कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, वार्ड 22 संस्कार विहार कॉलोनी कुरुद निवासी ने अधिक वसूले गए संपत्ति कर के समायोजन की मांग की। उन्होंने बताया कि वे अपने मकान में ही रहते हैं और किराये पर नहीं दिया है, बावजूद इसके उनसे अधिक कर वसूला गया। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम भिलाई को तुरंत परीक्षण कर आवेदक को सूचित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि जनदर्शन कार्यक्रम का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि हर नागरिक को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
