खरोरा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹55,000 मूल्य की सामग्री जब्त — एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर चला अभियान
रायपुर। राजधानी रायपुर जिले में अवैध शराब बिक्री और परिवहन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए खरोरा थाना पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से 100 पौवा देशी मसाला शराब (करीब 18 लीटर) और दो स्कूटी जब्त की हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्तन राठौर, सीएसपी विधानसभा वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खरोरा क्षेत्र में हितेंद्र यादव नामक व्यक्ति और एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक अवैध रूप से शराब की बिक्री व परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी खरोरा ने टीम बनाकर बताए गए स्थान पर तुरंत छापा मारा। मौके से हितेंद्र यादव (उम्र 23 वर्ष) को स्कूटी क्रमांक CG 04 HP 5816 सहित पकड़ा गया।
जांच में उसके पास से 40 पौवा सवा शेरा देशी मसाला शराब बरामद हुई, प्रत्येक पौवा में 180 एमएल शराब भरी थी। कुल 7.200 बल्क लीटर शराब, जिसकी कीमत लगभग ₹4,000 आंकी गई है, जब्त की गई। इसके अलावा परिवहन में प्रयुक्त सफेद मेस्ट्रो स्कूटी (₹20,000) भी जब्त की गई।
वहीं, नाबालिग आरोपी के पास से 60 पौवा देशी मसाला शराब (10.800 बल्क लीटर) बरामद की गई, जिसकी कीमत ₹6,000 बताई जा रही है। साथ ही स्कूटी क्रमांक CG 04 HU 6893 (₹25,000) भी जब्त की गई।
इस प्रकार, दोनों आरोपियों से कुल 18 लीटर से अधिक शराब और ₹55,000 मूल्य के वाहन व सामग्री जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस ने बताया कि किसी के पास भी वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद गवाहों की मौजूदगी में जब्ती कार्यवाही की गई। आरोपी हितेंद्र यादव को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है। आने वाले दिनों में इस तरह के अवैध नेटवर्क की पहचान कर सघन अभियान जारी रहेगा।
