अमित बघेल की गिरफ्तारी पर भड़की नई राजधानी प्रभावित किसान समिति — चेतावनी, “एक खरोंच भी आई तो करेंगे उग्र आंदोलन”

छत्तीसगढ़ स्वाभिमान के मुद्दे पर बोले किसान नेता — “अमित बघेल पर दर्ज एफआईआर रद्द करो, नहीं तो सड़कों पर उतरेगा आंदोलन”

रायपुर। नई राजधानी प्रभावित किसान कल्याण समिति ने जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल के समर्थन में बड़ा बयान जारी किया है। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने अमित बघेल की गिरफ्तारी की कोशिश की या उन्हें जरा सी भी चोट पहुंची, तो उग्र जन आंदोलन किया जाएगा।

समिति के अध्यक्ष रूपनलाल चंद्राकर, सचिव कामता प्रसाद रात्रे और प्रवक्ता गिरधर पटेल ने संयुक्त रूप से जारी समर्थन पत्र में कहा कि अमित बघेल छत्तीसगढ़ के स्वाभिमान और अधिकारों के लिए संघर्षरत नेता हैं। वे लगातार यह मांग उठा रहे हैं कि छत्तीसगढ़ियों को शासन, प्रशासन, उद्योग और व्यापार में समान भागीदारी मिले।

“छत्तीसगढ़ियों का अपमान अब और नहीं”
समर्थन पत्र में समिति ने लिखा है कि बघेल ने हमेशा छत्तीसगढ़ की अस्मिता और मातृभूमि के सम्मान के लिए आवाज उठाई है। उन्होंने सवाल किया है कि जब अन्य समाजों के पूजनीय महापुरुषों की प्रतिमाओं को कोई क्षति नहीं पहुंचाता, तो छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को बार-बार क्यों अपमानित किया जा रहा है?

पत्र में आगे कहा गया है कि छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों के साथ लगातार शोषण और उपेक्षा की जा रही है। बाहरी तत्वों द्वारा संत-महापुरुषों और देव-प्रतिमाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एफआईआर रद्द करने की मांग
समिति ने आरोप लगाया है कि “बाहरी दबाव में आकर” अमित बघेल के खिलाफ कुत्सित एफआईआर दर्ज की गई है और अन्य स्थानों पर भी एफआईआर दर्ज कराने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ की आवाज को दबाने का प्रयास है।

नई राजधानी प्रभावित किसान कल्याण समिति ने छत्तीसगढ़ सरकार और प्रशासन से अमित बघेल पर दर्ज एफआईआर को तत्काल रद्द करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उन्हें गिरफ्तार किया गया या नुकसान पहुंचाया गया, तो समिति राज्यव्यापी उग्र आंदोलन और जन-आंदोलन करेगी।