उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, रायपुर समेत कई जिलों में शीतलहर के आसार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड ने दस्तक दे दी है और मौसम अचानक करवट ले चुका है। उत्तर-पूर्वी दिशा से आ रही शुष्क और बर्फीली हवाओं के कारण पूरे प्रदेश में तापमान लगातार नीचे जा रहा है। राजधानी रायपुर में बीते कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं, कई जिलों में सुबह-सुबह घना कोहरा छाने से दृश्यता बेहद कम हो गई है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं का असर अब छत्तीसगढ़ में साफ तौर पर देखा जा रहा है।
किन जिलों में अलर्ट?
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में शीतलहर चलने की पूरी संभावना है। इसमें कोरिया, मनेंद्रगढ़, चिरमिरी, भरतपुर, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर जैसे जिले शामिल हैं। इन इलाकों में तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री तक नीचे जा सकता है।
राजधानी रायपुर में बढ़ी सर्दी की चुभन
राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में भी अब ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगा है। सुबह के वक्त कोहरा और ठंडी हवाएं लोगों को घरों में कैद कर रही हैं। लोग बिना ऊनी कपड़ों के बाहर निकलने से बच रहे हैं। सड़कों पर सुबह के समय सन्नाटा देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने नागरिकों को आगाह किया है कि सुबह और देर शाम बाहर निकलते समय गर्म कपड़े अवश्य पहनें। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
आने वाले दिनों में क्या रहेगा मौसम का हाल?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक तापमान में और गिरावट हो सकती है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और धमतरी में भी आने वाले 48 घंटों में शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है।
ठंड के बढ़ते असर के बीच लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं और बाजारों में गर्म कपड़ों की मांग तेजी से बढ़ गई है।
