नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने आयुर्वेद की पुरानी पद्धति को अपनाकर अपनी जिंदगी में आए बदलावों का खुलासा किया है। आयुष मंत्रालय के इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए वीडियो में उन्होंने बताया कि पिछले एक साल से आयुर्वेद उनके जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है।
तमन्ना ने कहा, “मैंने आयुर्वेद का सहारा लेकर अपनी डाइट और जीवनशैली में बदलाव किया। इन बदलावों ने मेरी जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया। हम प्राचीन पद्धतियों को अक्सर हल्के में लेते हैं, लेकिन आज की पीढ़ी के लिए आयुर्वेद बेहद जरूरी है।”
उन्होंने ऑयल पुलिंग की अहमियत भी साझा की। यह आयुर्वेदिक उपाय मुंह की बदबू और संक्रमण से बचाने में मदद करता है। इसके लिए नारियल, जैतून या बादाम का तेल 3-5 मिनट तक मुंह में रखकर चारों तरफ घुमाना होता है। यह प्रक्रिया दांत और जीभ की गंदगी को बाहर निकालती है।
तमन्ना ने खाने को धीरे-धीरे चबाने की सलाह भी दी। आयुर्वेद में बताया गया है कि खाने के एक कौर को 15-20 बार चबाना चाहिए ताकि भोजन अच्छे से पच सके और स्वास्थ्य बेहतर रहे।
अभिनेत्री ने इस बात पर जोर दिया कि हमारी जीवनशैली टॉक्सिक हो चुकी है और इसे सुधारने के लिए आयुर्वेदिक पद्धतियों को अपनाना आवश्यक है। तमन्ना भाटिया का मानना है कि छोटे-छोटे बदलाव जैसे ऑयल पुलिंग और सही तरीके से खाना चबाना, हमारे स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो सकते हैं।