आठ साल पहले मां की मौत के बाद बेटी ने खुदकुशी कर परिवार को झकझोर दिया
झांसी। झांसी जिले के रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम पुनावली कलां में 15 वर्षीय छात्रा खुशी गुर्जर का शव उसके घर में फंदे पर लटका मिला। खुशी आठ साल पहले अपनी मां की मौत के बाद अपने दादा-दादी के साथ रह रही थी। खुशी की मां भी आठ साल पहले फांसी से आत्महत्या कर चुकी थीं।
खुशी के मामा सतेन्द्र गुर्जर ने बताया कि बेटी की अचानक मौत से परिवार सदमे में है। उन्होंने कहा कि भांजी कुछ दिनों से अजीब व्यवहार कर रही थी और उसे अपनी मृत मां का साया दिखाई देता था। परिवार को आशंका है कि खुशी डिप्रेशन में थी और संभवतः इसी वजह से उसने अपनी जान दी।
खुशी के दादा जगदीश गुर्जर ने बताया कि बेटी बहुत ही समझदार और संवेदनशील थी। मां की मौत के बाद खुशी अक्सर अकेले रहती और भावनात्मक तनाव में दिखाई देती थी। उन्होंने कहा कि हाल ही में उसे तांत्रिक को दिखाया गया था, जिससे पता चला कि खुशी पर मां का साया आता था।
रक्सा थाना प्रभारी रूपेश कुमार ने बताया कि घटना स्थल का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है और रिपोर्ट आने के बाद ही सटीक जानकारी मिलेगी। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार में मां-बेटी दोनों की एक जैसी मौत ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है। ग्रामीण और परिजन अभी भी इस घटना के सदमे से उबरने की कोशिश कर रहे हैं।
