छह दिवसीय दो-देशीय यात्रा का पहला पड़ाव अंगोला, बोत्सवाना में भी उच्चस्तरीय वार्ता
अंगोला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को अफ्रीकी देश अंगोला पहुंची, जो उनकी छह दिवसीय दो-देशीय राजकीय यात्रा का पहला पड़ाव है। विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, यह यात्रा अफ्रीकी क्षेत्र के अंगोला और बोत्सवाना के साथ भारत के सहयोग और साझेदारी को बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
अंगोला की राजधानी लुआंडा के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति मुर्मू का स्वागत अंगोला के विदेश मंत्री टेटे एंटोनियो और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा लेंगी और अंगोला के समकक्ष जोआओ मैनुअल गोंसाल्वेस लौरेंको के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगी।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह इन देशों में किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की पहली राजकीय यात्रा है। यात्रा का एक प्रमुख आकर्षण अंगोला की आज़ादी की 50वीं सालगिरह के समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू का शामिल होना है। इस अवसर पर भारत और अंगोला के बीच द्विपक्षीय सहयोग के नए मार्गों पर चर्चा होगी।
राष्ट्रपति मुर्मू की यात्रा से भारत-अफ्रीका संबंधों को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है और दोनों देशों के बीच व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी सहयोग के क्षेत्रों में नए समझौते की संभावना है।
