रायपुर पुलिस का विशेष धर-पकड़ अभियान, 14 आरोपी गिरफ्तार

चोरी, मारपीट और अवैध शराब बिक्री में शामिल अपराधियों पर कसी नकेल

रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों में लिप्त आरोपियों के खिलाफ विशेष धर-पकड़ अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। चौकी सिलतरा पुलिस द्वारा 8 नवंबर 2025 को चलाए गए इस अभियान में कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनका जुलूस ग्राम सांकरा के बाजार चौक में निकालकर जनता को कानून व्यवस्था के प्रति जागरूक किया।

अभियान के तहत चोरी, मारपीट, अवैध शराब बिक्री और शांति व्यवस्था बाधित करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

 चोरी के मामलों में 3 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों में जितेन्द्र सयतोड़े, नवीन कुर्रे और रमेश देवांगन को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ थाना धरसीवा में अपराध क्रमांक 556/25 (धारा 331(4), 305(a) BNS) और 561/25 (धारा 303(2), 306 BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया है। ये आरोपी स्थानीय बाजार और आस-पास के इलाकों में चोरी की वारदातों में शामिल थे।

 मारपीट और धमकाने का आरोपी भी गिरफ्तार
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने वीरेंद्र मनहर को गिरफ्तार किया, जो नशे की हालत में लोगों से पैसे मांगने और मारपीट करने के लिए कुख्यात था। उसके खिलाफ थाना धरसीवा में अपराध क्रमांक 513/25 (धारा 119(1), 296 BNS) के तहत केस दर्ज किया गया है।

 अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई
अभियान के दौरान राम सिंह, योगेश बागड़े और जीवराखन लाल मिरी को अवैध शराब बिक्री करते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने इनके पास से 144 पौवा देशी शराब जब्त की और आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 564/25, 565/25 और 566/25 दर्ज किए गए।

 शांति व्यवस्था भंग करने वाले 7 लोगों पर कार्रवाई
पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों पर विवाद और हंगामा करने वाले अर्जुन कुर्रे, सुनील नौरंगे, कमलेश बंजारे, शीतल कुर्रे, श्याम बागड़े, फिरोज बारले और कुलदीप सिंह पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

 वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चला अभियान
इस पूरे अभियान का संचालन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक उरला सुश्री पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी सिलतरा उपनिरीक्षक राजेंद्र कंवर की टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य अपराध पर रोक लगाना, असामाजिक गतिविधियों को समाप्त करना और जनता के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत करना है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चोरी, अवैध शराब बिक्री या मारपीट जैसे अपराधों में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

You missed