रायपुर एसएसपी का बयान — विवादित बयान पर सर्व समाज के विरोध के बाद एक्शन तय
रायपुर। छत्तीसगढ़ जोहार पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल को गिरफ्तार किया जाएगा। रायपुर के एसएसपी ने शनिवार को इस संबंध में आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि मामले की जांच पूरी कर ली गई है और अब आरोपी की गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
दरअसल, अमित बघेल की तत्काल गिरफ्तारी न होने पर सर्व समाज संगठन ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी थी। राजधानी रायपुर में हुए इस आंदोलन में विभिन्न समाजों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। आंदोलन को कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भी समर्थन दिया और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल ने हाल ही में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति खंडित होने के बाद एक विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था— “पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अग्रसेन महाराज की मूर्तियाँ क्यों नहीं टूटतीं? मछली वाले भगवान के बारे में पाकिस्तानी सिंधी क्या जानते हैं? उन्होंने हमारी छत्तीसगढ़ी महतारी का अपमान किया है।”
उनके इस बयान के बाद प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इसे छत्तीसगढ़ी संस्कृति और अस्मिता का अपमान बताया। बढ़ते विरोध और जनदबाव के बीच अब पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी है।