दुर्ग जिला अस्पताल में नसबंदी के दौरान दो महिलाओं की मौत

सर्जरी के दौरान दवा के रिएक्शन की आशंका, परिजनों में मचा कोहराम

दुर्ग। जिले के जिला अस्पताल में नसबंदी ऑपरेशन के दौरान दो महिलाओं की मौत हो गई। ऑपरेशन के दौरान ही दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल आईसीयू में शिफ्ट किया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है।

सर्जरी टीम की प्रमुख डॉ. उज्जवला देवांगन ने बताया कि ऑपरेशन टेबल पर ही दोनों महिलाओं को झटके आने लगे और शरीर में अकड़न दिखाई दी। आनन-फानन में उन्हें लगभग 200 मीटर दूर स्थित आईसीयू में शिफ्ट कराया गया।

सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज के अनुसार, बजरंग नगर निवासी 27 वर्षीय पूजा यादव ने आईसीयू में दम तोड़ दिया, जबकि सिकोला भाटा निवासी 30 वर्षीय किरण यादव को बेहतर इलाज के लिए निजी सेंटर ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी भी सांस थम गई। आईसीयू में ड्यूटी डॉक्टर ने CPR देकर बचाने की कोशिश की, पर सफलता नहीं मिली।

डॉ. मिंज ने प्राथमिक जांच के आधार पर कहा कि मौत का संभावित कारण सर्जरी के दौरान दी गई किसी दवा का रिएक्शन हो सकता है। सर्जरी टीम की प्रमुख डॉ. उज्जवला ने भी इसी आशंका की पुष्टि की है।

दोनों महिलाओं को सुबह स्वस्थ अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अचानक मौत की खबर से परिजन सदमे में हैं। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

You missed