जशपुर: जंगल में दबे राज का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
पुराना नगर तुरीटोंगरी में अधजली लाश की गुत्थी सुलझी, दो आरोपी अभी फरार
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में 18 अक्टूबर को पुराना नगर तुरीटोंगरी में मिली अधजली लाश की रहस्योद्घाटन हुई है। सिटी कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
मृतक की पहचान सीटोंगा निवासी सीमित खाखा (28 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस जांच में पता चला कि सीमित खाखा अपने गांव के साथियों के साथ हजारीबाग (झारखंड) काम करने गया था। लौटने पर कमीशन के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ, जिसके चलते आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को तुरीटोंगरी में गड्ढे में डालकर आग के हवाले किया गया ताकि पहचान न हो सके।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
-
रामजीत राम (25 वर्ष) – सीटोंगा निवासी
-
वीरेन्द्र राम (24 वर्ष) – सीटोंगा निवासी
-
17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक – सीटोंगा निवासी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, लोहे की छड़ और कपड़े बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने घटना की पूरी जिम्मेदारी स्वीकार की। बताया गया कि घटना की रात सभी ने शराब पी रखी थी, और इसी दौरान मृतक से झगड़ा हुआ। आरोपियों ने पहले लोहे की छड़ से सिर पर वार, फिर चाकू से सीने में प्रहार कर हत्या को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों से डमी के माध्यम से घटना का पुनरावृत्ति (रीक्रिएशन) भी कराई। इस मामले में B.N.S. के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों रामजीत राम और वीरेन्द्र राम को न्यायिक रिमांड पर जेल, जबकि बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
ASP अनिल कुमार सोनी ने बताया कि सिटी कोतवाली पुलिस ने बेहद प्रोफेशनल तरीके से अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई है। फरार दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है।
