छत्तीसगढ़ में SIR सर्वे: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस

छत्तीसगढ़ में SIR सर्वे: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
मतदाता सूची में घर-घर जाकर सत्यापन का काम कल से शुरू, मतदान प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने का प्रयास

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के तहत कल यानी 4 नवंबर 2025 से घर-घर गणना चरण की शुरुआत होगी। इस प्रक्रिया में बीएलओ (Booth Level Officer) घर-घर जाकर मतदाता परिचय पत्र का सत्यापन करेंगे। इस बारे में सोमवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी साझा की।

सीईओ ने बताया कि साल 2003 के SIR में नाम दर्ज मतदाताओं को दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी, केवल लगभग 5-6 प्रतिशत नए या शिफ्ट हुए मतदाताओं को ही दस्तावेज देना होगा। उन्होंने मतदाताओं को सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 और BLO कॉल रिक्वेस्ट के माध्यम से मदद लेने की जानकारी दी।

SIR से संबंधित प्रमुख तिथियां:

  • मुद्रण एवं प्रशिक्षण कार्य: 28 अक्टूबर 2025 – 3 नवंबर 2025

  • घर-घर गणना चरण: 4 नवंबर 2025 – 4 दिसंबर 2025

  • मसौदा मतदाता सूची का प्रकाशन: 9 दिसंबर 2025

  • दावे और आपत्तियों की अवधि: 9 दिसंबर 2025 – 8 जनवरी 2026

  • नोटिस चरण (सुनवाई और सत्यापन): 9 दिसंबर 2025 – 31 जनवरी 2026

  • अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन: 7 फरवरी 2026

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 2003 के बाद कई मतदाता स्थानांतरित हुए हैं और मतदान केंद्रों का परिसीमन भी हुआ है। वर्तमान मिलान प्रतिशत लगभग 71 प्रतिशत है, जिसे घर-घर सर्वे के दौरान बढ़ाकर 94-95 प्रतिशत किया जाएगा। केवल शेष बचे मतदाताओं से दस्तावेज मांगे जाएंगे।

सीईओ ने राजनीतिक दलों और उनके बूथ स्तरीय एजेंटों (BLAs) से अपील की कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सहयोग दें, ताकि छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम सूची में जोड़े जा सकें और मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जा सकें।