सुकमा में माओवादियों की बड़ी साजिश नाकाम, 40 किलो IED बम बरामद और निष्क्रिय

सुकमा: जिले के थाना फुलबगड़ी क्षेत्र से बड़ी सुरक्षा सफलता की खबर सामने आई है। सुरक्षाबलों ने फुलबगड़ी-बड़ेशेट्टी मार्ग के किनारे माओवादियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। नक्सलियों ने सड़क किनारे लगभग 40 किलो वजनी IED बम प्लांट किया था, जिसे नुकसान पहुंचाने की नीयत से लगाया गया था।

सतर्कता बरतते हुए सुरक्षाबलों ने मौके पर ही बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति की क्षति नहीं हुई, जिससे इलाके में राहत की लहर दौड़ गई।

घटना के बाद सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाकों में सघन सर्चिंग अभियान चलाया। IED की बरामदगी और निष्क्रिय करने में जिला पुलिस बल और 159वीं बटालियन CRPF की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की त्वरित कार्रवाई नक्सली गतिविधियों को रोकने में महत्वपूर्ण साबित होगी और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।