महासमुंद में दलित युवक की मॉब लिंचिंग, चोरी का शक बना मौत की वजह

महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक दर्दनाक मॉब लिंचिंग की घटना सामने आई है, जिसमें ग्राम पतेरापाली के 50 वर्षीय दलित व्यक्ति कौशल सहिस की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक का शव रविवार सुबह गांव से 500 मीटर दूर मुक्तिधाम के पास मिला।

पुलिस और सूत्रों के अनुसार, शनिवार सुबह कौशल सहिस को गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर रेलवे पटरी के पास केबल जलाकर तांबे का तार निकालते देखा गया। धुआं देखकर कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे पकड़ लिया। उसके हाथ बांधकर सरपंच हेमंत चंद्राकर को सूचना दी गई। इसके बाद कौशल को बंधे हाथों के साथ गांव लाया गया और महावीर चौक नीम पेड़ के पास नंगे पांव पीटकर जमीन पर बैठा दिया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, पतेरापाली गांव में हाल ही में पोल्ट्री फार्म और अन्य स्थानों पर केबल चोरी की घटनाएं हुई थीं, जिस वजह से कौशल पर शक किया गया।

फॉरेंसिक टीम ने प्रारंभिक जांच में शव पर मारपीट के कारण अंदरूनी चोट से मौत होने की आशंका जताई। मृतक के कपड़ों और शरीर पर मारपीट के निशान मिले हैं, और पानी पिलाने के प्रयास के भी संकेत मिले।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है, लेकिन अब तक आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े ठोस सबूत जुटाने में मुश्किल का सामना कर रही है।

एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि परिजनों और फॉरेंसिक टीम की पूछताछ के बाद आगे की विधि संगत कार्रवाई की जाएगी। घटना ने जिले में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर जब सरपंच, कोटवार और कुछ ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना पुलिस से छिपाई।