रायपुर: राजधानी रायपुर में सीआईबी (CIB) की टीम ने रेलवे टिकटों के अवैध व्यापार में लिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑनलाइन टिकट बुक करके उन्हें यात्रियों को ऊंचे दामों पर बेचता था। गिरफ्तार युवक को पूछताछ के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) चौकी तिल्दा के हवाले कर दिया गया है, जहां उसके खिलाफ रेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, CIB टीम को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि रायपुर में कुछ लोग IRCTC के माध्यम से फर्जी खातों का इस्तेमाल कर टिकट बुक कर रहे हैं। जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी सामान्य यात्रियों के पैन कार्ड और मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर अवैध टिकट बुक करता था।
CIB अधिकारियों ने छापा मारकर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से कई कन्फर्म टिकट, लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कई महीनों से इस धंधे में सक्रिय था और हर टिकट पर 200 से 500 रुपये का अतिरिक्त लाभ लेता था।
RPF ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत कार्रवाई की गई है, जिसमें जुर्माना और कारावास दोनों की सजा हो सकती है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से चेतावनी दी है कि केवल अधिकृत रेलवे काउंटर या IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट/एप से ही टिकट बुक करें।
इस कार्रवाई से रेलवे क्षेत्र में सक्रिय अवैध दलालों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के अवैध कारोबार पर भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की धोखाधड़ी का सामना न करना पड़े।
