रायगढ़: जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें आलू की फसल में सिंचाई कर रहे चाचा-भतीजे करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मुड़पारा निवासी निर्मल नागवंशी (25) अपने भतीजे शिवा नागवंशी (12) के साथ सोमवार को खेत में पानी डालने गए थे। पानी की मोटर पंप चालू करने के लिए बिजली का कनेक्शन लगाया गया था।
इसी दौरान बिजली का बोर्ड जमीन पर गिर गया। जब निर्मल उसे उठाने के लिए गया, वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। चाचा को बचाने दौड़े शिवा भी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजन काफी देर बाद घटना की जानकारी पाकर लैलूंगा थाने को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत होना सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
