सूरजपुर, अम्बिकापुर: सूरजपुर जिले के भैयाथान रोड स्थित श्री विनायक ज्वेलर्स में देर रात चोरों ने सेंधमारी कर 5 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इस घटना ने स्थानीय पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया। उन्होंने 1 किलो पुराना चांदी, 2 किलो नया चांदी, 11 ग्राम सोना और कई फैंसी आभूषण पार कर लिए।
दुकान संचालक मनोज सोनी ने सुबह टूटा शटर और बिखरे सामान देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
चोरी की वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में चार अज्ञात व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से एक बाहर निगरानी कर रहा था, जबकि बाकी दुकान के अंदर गहने समेटते नजर आए।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में लगी हुई है।
