धमतरी के नगरी में 2.65 लाख की चोरी का खुलासा! तीन शातिर नौजवान गिरफ्तार, जेवर और नकदी बरामद
जैन मंदिर के भक्ति कार्यक्रम के दौरान हुआ घर में चोरी का मामला सुलझा — पुलिस ने मुखबिर और तकनीकी विश्लेषण से पकड़े आरोपी
धमतरी। नगरी पुलिस ने एसपी के निर्देशन में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 2 लाख 65 हजार रुपये की चोरी का खुलासा किया है। चोरी की वारदात नगरी थाना क्षेत्र में 7 अक्टूबर 2025 की रात हुई थी।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मनोज कुमार जैन ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह और उनका पूरा परिवार जैन मंदिर में भक्ति कार्यक्रम में गए हुए थे। रात 9:30 बजे घर में ताला लगाकर कार्यक्रम देखने गए थे। जब रात करीब 11:30 बजे लौटे, तो देखा कि घर का गोदरेज और लॉकर खुला हुआ है और उसमें रखा 2,15,000/- रुपये नगद, 1 चांदी का करधन, 8 जोड़ी चांदी की पायल और 1 चांदी का सिक्का चोरी हो चुका था।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 47/2025, धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मुखबिर की सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया, जिन्होंने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया।
अरोपियों से बरामदगी:
1️⃣ तामेन्द्र यादव (19 वर्ष) – चोरी किए गए चांदी के जेवर और 20,000/- रुपये नकद, कुल मूल्य 70,000/- रुपये
2️⃣ पुष्पजीत उर्फ जीतू खरे (19 वर्ष) – चोरी की रकम से खरीदी गई काली सोल्ड एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, कीमत 79,000/- रुपये
3️⃣ लक्की गुप्ता (19 वर्ष) – 25,000/- रुपये नकद
कुल जप्त माल की कीमत लगभग 1,74,000/- रुपये है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
एसपी ने बताया कि पुलिस की सतर्कता, मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच की मदद से ही यह चोरी का मामला सुलझाया गया।
