बीजापुर में जुए का साम्राज्य! सरकारी बाबू से लेकर बड़े व्यापारी तक फड़ में फेंक रहे नोट — दिवाली की रात उड़ा दिए लाखों

बीजापुर में जुए का साम्राज्य! सरकारी बाबू से लेकर बड़े व्यापारी तक फड़ में फेंक रहे नोट — दिवाली की रात उड़ा दिए लाखों

भोपालपट्टनम में खुलेआम चल रहा जुए का कारोबार — पुलिस थाना से महज़ दो किलोमीटर दूर सजती रही जुआरियों की महफिल, वीडियो वायरल

बीजापुर। जिले के भोपालपट्टनम क्षेत्र में इन दिनों जुए का खेल खुलेआम चल रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस फड़ में सरकारी कर्मचारी से लेकर व्यापारी तक शामिल हैं। सोशल मीडिया पर इसका एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कई लोग ग्रीन मैट पर बैठकर नोटों की गड्डियाँ फेंकते हुए नजर आ रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, जुए का यह फड़ भोपालपट्टनम पुलिस थाना से महज डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी पर सड़क से करीब 50 मीटर अंदर लगाया जा रहा है। बताया गया है कि बीते 4-5 दिनों से लगातार रात भर जुए की महफिल सज रही है, और दिवाली की रात लाखों रुपये दांव पर लगाए गए।

सूत्रों के मुताबिक, इस फड़ में न केवल स्थानीय लोग बल्कि पड़ोसी राज्य तेलंगाना से भी बड़ी संख्या में जुआरी खेलने पहुँचते हैं। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले रात में फड़ पर विवाद भी हुआ था, जिसके बाद कुछ लोग आपस में भिड़ गए।

इस पूरे मामले को लेकर व्यापारी संघ अध्यक्ष ईश्वर सोनी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा — “चाहे जहां भी खेला जाए, जुआ बंद होना चाहिए। यह समाज के लिए अभिशाप है और कई घरों को बर्बाद कर चुका है। पुलिस को ऐसे फड़ों पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।”

वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को इस गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी होने के बावजूद अब तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई है।

अब बड़ा सवाल यह है कि—
क्या पुलिस की नाक के नीचे चल रहे इस जुए के अड्डे पर अब शिकंजा कसेगा, या फिर यूं ही सरकारी कर्मचारियों और व्यापारियों की जुआबाजी पर पर्दा पड़ा रहेगा?