DRM बनकर लूट लिया रिटायर्ड रेलकर्मी का बैंक! एक क्लिक में उड़ गए 9 लाख, ठग ने सरकारी अफसर बनकर दिया साइबर झांसा!

DRM बनकर लूट लिया रिटायर्ड रेलकर्मी का बैंक! एक क्लिक में उड़ गए 9 लाख, ठग ने सरकारी अफसर बनकर दिया साइबर झांसा!

भिलाई में नया साइबर फ्रॉड — KYC अपडेट के बहाने मोबाइल हैक कर उड़ाए लाखों रुपये, पुलिस डिजिटल फॉरेंसिक की मदद से जुटी ठग तक पहुंचने में

भिलाई। पुराने भिलाई थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी साइबर ठगी का शिकार बन गया, जहां एक ठग ने खुद को DRM (डिविजनल रेलवे मैनेजर) कार्यालय का अधिकारी बताकर करीब ₹8.88 लाख रुपये उड़ा लिए। यह घटना ऑनलाइन फ्रॉड के नए और चालाक तरीके को उजागर करती है।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पीड़ित को फोन कर कहा कि उनकी पेंशन KYC अपडेट करनी है। ठग ने अपने को रेलवे विभाग का अधिकारी बताया, जिससे पीड़ित को उस पर विश्वास हो गया। इसके बाद उसने मोबाइल पर एक फाइल भेजी, जिसे उसने IRCTC सेल्फ एप से जुड़ा जरूरी दस्तावेज बताया।

पीड़ित ने जैसे ही उस फाइल पर क्लिक किया, मोबाइल पूरी तरह हैक हो गया। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल में मौजूद बैंकिंग ऐप्स और पासवर्ड एक्सेस कर लिए और तीन अलग-अलग बैंक खातों से कुल ₹8.88 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए।

पीड़ित को जब तक ठगी का अहसास हुआ, तब तक देर हो चुकी थी। उसने तुरंत पुराना भिलाई थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और डिजिटल फॉरेंसिक टीम की मदद से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए खुद को सरकारी अफसर के रूप में पेश किया और बातचीत में अत्यंत पेशेवर तरीके से धोखाधड़ी की।

फिलहाल पुलिस बैंक खातों की ट्रांजैक्शन ट्रेसिंग और कॉल डिटेल्स खंगाल रही है ताकि पैसों के आगे के मार्ग और ठग के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।